पटना, मुंगेर और भागलपुर सहित बिहार के 12 जिलों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर
पटना।
बिहार में पटना, बक्सर, मुंगेर, भोजपुर और भागलपुर सहित 12 जिलों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों से बाढग़्रस्त क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज करने को कहा है। राज्य के छह सौ से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में है। निचले स्थानों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल की 21 टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। चिकित्सा दल भी तैनात किए गए हैं। 70 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि में लगी फसल बर्बाद हो गई है। कई स्थानों में सड़कों पर पानी आ जाने से यातायात बाधित हुआ है। पूरे राज्य में लगातार वर्षा हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में राज्य के अधिकांश स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।
