जे एस डब्ल्यू पेंट्स का पंजाब में हुआ विस्तार
नयी दिल्ली ।
पर्यावरण के अनुकूल पेंट बनाने वाली कंपनी जे एस डब्ल्यू पेंट्स ने पंजाब के बाजार में प्रवेश करने की घोषणा की है।
कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि जे एस डब्लू पेंट्स को वर्ष 2019 में लॉन्च किया गया था जिसने अब तक देश के दक्षिणी एवं पश्चिमी बाजारों में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज की है। अखिल भारतीय स्तर की कंपनी बनने के उद्देश्य से अब यह ब्रांड उत्तरी, मध्य एवं पूर्वी भारत में अपने संचालन के दायरे का विस्तार कर रहा है।
पंजाब के बाजार में इसका प्रवेश वास्तव में राष्ट्रीय स्तर पर इसकी विस्तार योजना का हिस्सा है। कंपनी ने चंडीगढ़ और जालंधर में वॉटर-बेस्ड पेंट्स के अपने उत्पादों के पोर्टफोलियो को बाजार में उतारना शुरू कर दिया है, जिसमें 1808 रंग शामिल हैं। कंपनी ने मार्च 2022 तक पंजाब के सभी स्थानीय बाजारों में अपनी उपस्थिति को मजबूत बनाने का लक्ष्य रखा है।
जे.एस.डब्लू पेंट्स ने देश के उत्तरी, मध्य एवं पूर्वी क्षेत्रों में अपने कारोबार के दायरे को बढ़ाने के लिए 750 करोड़ रुपये का निवेश सुनिश्चित किया है। इन निवेशों का उपयोग मौजूदा पेंट-विनिर्माण क्षमताओं के विस्तार के लिए किया जाएगा, ताकि पंजाब तथा अन्य नए बाजारों के ग्राहकों की मांग को पूरा करने के साथ-साथ मार्केटिंग एवं डिस्ट्रीब्यूशन से संबंधित अन्य पहलों की शुरुआत की जा सके।
