आदित्य रॉय कपूर की नई फिल्म का ऐलान, करियर में पहली बार करेंगे डबल रोल

काफी समय से सुपरहिट तमिल एक्शन थ्रिलर फिल्म थडम का हिंदी रीमेक चर्चा में है। सुनने में आ रहा था कि इस फिल्म से सिद्धार्थ मल्होत्रा का पत्ता कट गया है और अब यह खबर पुख्ता हो गई है। निर्माता मुराद खेतानी ने सोशल मीडिया पर अपनी इस फिल्म का ऐलान कर दिया है। इसी के साथ उन्होंने आदित्य रॉय कपूर के नाम पर भी अपनी मुहर लगा दी है।
निर्माता मुराद खेतानी ने ट्वीट किया, हम अपनी अगली थ्रिलर फिल्म की घोषणा कर उत्साहित हैं। फिल्म के हीरो हैं आदित्य रॉय कपूर, जो पहली बार डबल रोल करते दिखेंगे। उन्होंने आगे लिखा, यह तमिल की हिट फिल्म का हिंदी रीमेक है, जिसका निर्देशन वर्धन केटकर कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग इसी साल सितंबर से शुरू होगी। मुराद ने बताया कि 2019 में थडम की रिलीज के बाद से ही वह इस फिल्म का हिंदी रीमेक बनाना चाहते थे।
आदित्य रॉय कपूर ने कहा, मैं इस मजेदार और प्रेरणादाई कहानी का हिस्सा बन बहुत खुश और उत्साहित हूं। थडम की कहानी बेहद दिलचस्प है। यह एक मजेदार फिल्म है। मैं इससे खासा प्रभावित हूं।
उन्होंने कहा, डबल रोल निभाने का मौका मिलने का मतलब है डबल तैयारी और डबल चैलेंज, जिसके लिए मैं तैयार हूं। भूषण कुमार जी, मुराद भाई और वर्धन के साथ इस शानदार थ्रिलर को आपके बीच लाने का इंतजार नहीं हो रहा है।
रिपोर्टों के मुताबिक इस फिल्म के लिए निर्माता-निर्देशक ने सिद्धार्थ मल्होत्रा को चुना था। सिद्धार्थ ने भी इसमें दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन फिर अचानक उन्होंने खुद ही इससे हाथ पीछे खींच लिए। फिल्म में सिद्धार्थ की जोड़ी मृणाल ठाकुर के साथ बनने वाली थी, लेकिन सिद्धार्थ फिल्म से बाहर हो गए। इसके बाद यह फिल्म आदित्य की झोली में गई। हालांकि, अभी यह खुलासा नहीं हुआ है कि सिद्धार्थ ने आखिर फिल्म का हिस्सा बनने से क्यों इनकार किया?
थडम में अरुण विजय, तान्या होप और विद्या ने अहम भूमिका निभाई थी। फिल्म का निर्देशन एम थिरुमेनी ने किया है और इसके निर्माता हैं इंद्र कुमार। फिल्म में खासतौर पर अरुण विजय के काम की काफी सराहना हुई थी। यह एक शानदार थ्रिलर फिल्म है, जो एक मर्डर मिस्ट्री के इर्द-गिर्द घूमती है। एक्शन से लबालब थडम अगर आपने नहीं देखी है तो आप इसे यूट्यूब पर देख सकते हैं, जहां इसका हिंदी डब संस्करण मौजूद है।
आदित्य जल्द ही कपिल वर्मा की फिल्म ओम द बैटल विद इन में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनकी जोड़ी अभिनेत्री संजना सांघी के साथ बनी है। इसके अलावा वह निर्देशक मोहित सूरी की फिल्म मलंग 2 में नजर आएंगे। यह 2020 में आई रोमांटिक थ्रिलर फिल्म का सीच्ल है। शूटआउट फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म शूटआउट 3: गैंग वॉर्स ऑफ बॉम्बे में भी आदित्य लीड रोल निभा सकते हैं। यह फिल्म 1992 के जेजे हॉस्पिटल शूटआउट कांड पर आधारित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *