10वे दिन भी जारी रहा यमुना मसूरी पंपिंग योजना को लेकर धरना प्रदर्शन

मसूरी।

यमुना मसूरी पेयजल योजना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का धरना दसवें दिन भी जारी रहा। क्षेत्रीय लोगों की मांग है कि 144 करोड़ की इस योजना से कैम्पटी क्षेत्र को भी जोड़ा जाए। कैम्टी फॉल इलाके में पेयजल संकट रहता है। स्थानीय जनता यमुना मसूरी पम्पिंग योजना से कैम्पटी व कैम्पटीफॉल में पानी की आपूर्ति मुहैया कराने को लेकर जन आक्रोश रैली व नारेबाजी की। धरना स्थल पर पूर्व खेल मंत्री नारायण सिंह राणा ने स्थानीय लोगों का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान मुख्यमंत्री से भी वार्ता कर स्थानीय लोगों को पेयजल योजना से लाभांवित करने की पैरवी की है। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य राजेश नौटियाल ने मांग को जायज ठहराते हुए कहा की सारी योजनाएं जौनपुर से होकर जाती हैं और यहां पानी नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कैम्पटी को पानी देने का आश्वासन दिया था। स्थानीय निवासी कमला बताती है कि महिलाओं व बच्चों द्वारा दूर दूर से पानी लाया जाता है लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। यमुना का पानी यहां के लोगों को न देकर अन्य स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। मांग पूरी होने तक वह धरने पर डटे रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *