संविदा कर्मियों के नियमितीकरण को सितंबर में आंदोलन

हल्द्वानी। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की क्षेत्रीय प्रबंध समिति की मासिक बैठक शुक्रवार को क्षेत्रीय कार्यालय काठगोदाम में हुई। बैठक में 50 फीसदी वेतन की समस्या का समुचित निराकरण करवाने पर केंद्रीय प्रबंध समिति एवं निगम महासंघ का आभार व्यक्त किया। साथ ही सर्वसम्मति से केंद्रीय प्रबंध समिति के निर्देशानुसार सितंबर महीने में विशेष श्रेणी और संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण हेतु 1 सूत्रीय मांगपत्र तथा नोटिस देकर आंदोलन करने पर सहमति बनी। प्रांतीय अध्यक्ष विक्रम सिंह डंगवाल ने कहा कि जिन संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारियों को परिवहन निगम में कार्य करते हुए 15 से 18 साल हो गए हैं, उन्हें सर्विस रिकॉर्ड देखते हुए नियमित किया जाना चाहिए। साथ ही बैठक में 15 अगस्त से 30 अगस्त के बीच कुमाऊं क्षेत्र के सभी प्राथमिक शाखाओं के चुनाव करवाने पर भी सहमति बनी। इस मौके आन सिंह जीना, भूपेंद्र अधिकारी, मनोहर सिंह, रामदत्त पपनै, टीकम सिंह, भूपाल दत्त जोशी, पुष्कर सिंह, किशन लाल, डूंगर सिंह सम्मल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *