चमधार में हाईवे खोलने में छूटे एनएच लोनिवि के पसीने
श्रीनगर गढ़वाल।
श्रीनगर व धारी देवी मंदिर के बीच चमधार में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को खोलने में एनएच लोनिवि के पसीने निकल गए हैं। चमधार में मंगलवार शाम से मार्ग के अवरूद्ध होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार आ रहे मलबे से मशीनें भी काम नहीं कर पा रही हैं। एनएच लोनिवि के अधिकारियों का कहना है कि गुरुवार को शाम तक मार्ग खुलने की उम्मीदें हैं। श्रीनगर के निकट चमधार में हाईवे के लगातार अवरुद्ध होने से यातायात को श्रीनगर-खिर्सू-खेड़ाखाल-खांकरा, डुंगरीपंथ-खेड़ाखाल और चमधार-बुघाणी-श्रीनगर मोटर मार्ग पर डायवर्ट किया ज रहा है। जिससे लोगों को करीब 30 किमी. का फेर नापना पड़ रहा है। मंगलवार शाम लगभग साढ़े छह बजे राजमार्ग पर मलबा आने से हाईवे बाधित हो रखा है। लगातार मलबा गिरने के कारण काम न होने से हाईवे नहीं खुल पा रहा है। बुधवार सुबह से लगातार मलबा हटाने का काम किया जा रहा है, लेकिन जैसे ही एक बार का मलबा साफ हो रहा ऊपर से फिर मलबा गिर जा रहा है। जिससे एनएच लोनिवि को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एनएच लोनिवि के सहायक अभियंता राजीव शर्मा ने बताया कि चमधार में काफी मात्रा में मलबा आ रहा है। मशीने मलबा हटाने में लगी हुई हैं, लेकिन लगातार मलबा आने से राजमार्ग पर यातायात सुचारू नहीं हो पा रहा है। गुरुवार शाम तक मार्ग खुल जाएगा।
