पीएम मोदी ने बसवराज बोम्मई को बधाई दी, येदियुरप्पा के योगदान को भी जमकर सराहा

नई दिल्ली ,28 जुलाई ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बसवराज बोम्मई को बुधवार को बधाई दी और उन्हें अच्छे और सार्थक कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी। बसवराज बोम्मई ने बुधवार को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने यहां राज भवन में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने भाजपा के कद्दावर नेता बी एस येदियुरप्पा का स्थान लिया है।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा की भी सराहना की । मोदी ने कहा कि कर्नाटक के विकास और वहां भाजपा को मजबूती प्रदान करने में उनके विशाल योगदान का वर्णन करने के लिए शब्द कम पड़ जाएंगे। पीएम मोदी ने एक ट्वीट में कहा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बसवराज बोम्मई को बधाई। उनके पास विधायी और प्रशासनिक कामकाज का लंबा अनुभव है। मुझे उम्मीद है कि राज्य में हमारी सरकार द्वारा किए गए असाधारण कार्य को वह आगे बढ़ाएंगे। उन्हें बेहतरीन व सार्थक कार्यकाल की बधाई। एक अन्य ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा, कर्नाटक के विकास और वहां पार्टी को मजबूती प्रदान करने में उनके विशाल योगदान का वर्णन करने के लिए शब्द कम पड़ जाएंगे। दशकों तक उन्होंने कड़ी मेहनत की, कर्नाटक के सभी इलाकों का दौरा किया और लोगों के साथ आत्मीय संबंध बनाए। समाज कल्याण को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की सभी प्रशंसा करते हैं। कर्नाटक में भाजपा के विधायक दल ने मुख्यमंत्री पद पर असमंजस को खत्म करते हुए मंगलवार शाम को 61 वर्षीय बोम्मई को अपना नया नेता चुना। उत्तर कर्नाटक से लिंगायत समुदाय के नेता बोम्मई को येदियुरप्पा का करीबी माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *