बैसाखी पर नागराजा ने दिया क्षेत्रवासियों को आशीर्वाद 

नई टिहरी

बैसाखी पर्व पर जौनपुर ब्लॉक के नैनबाग क्षेत्र में शेष नागराजा देवता की डोली ने विभिन्न गांवों का भ्रमण कर लोगों को आशीर्वाद दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और गांव की रैणी-धियाणियों ने डोली के दर्शन कर तांदी नृत्य के साथ गीत गाये। शेष नागराजा देवता की डोली कौड़ी गांव से भ्रमण पर निकली। इसके बाद डोली पंतवाड़ी, बांडासारी, नागटिब्बा, पवेल, घोड़ाखुरी, सात गांव, शीर्ष, पंच गांव तक गई। जहां जगह-जगह ग्रामीणों ने देव डोली का भव्य स्वागत किया। कौड़ी गांव में आयोजित कार्यक्रम में सामूहिक तांदी नृत्य किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि उनके आराध्या देवता के आशीर्वाद से आज पूरा क्षेत्र खुशहाल है। परंपरा के अनुसार बैसाखी पर पूजा-अर्चना, हवन और यज्ञ के बाद डोली कौड़ी गांव के मंदिर से बाहर आकर निकटवर्ती क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को आशीर्वाद देती है। इसे खुशहाली का प्रतीक भी माना जाता है। ग्रामीण अपनी सामर्थ्य के अनुसार डोली और इसके साथ चलने वाले लोगों का स्वागत करते हैं। गांव की रैणी-ध्याणियों ने देवा नागराजा हो, श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी, हे सेम नागराजा, दैणा हो या खोली का गणेशा हो, दैणा हो या मोरी का नारैणा हो जैसे गीत गाए और सामूहिक नृत्य किया। इस मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष सुनील बिजल्वाण, देवता के पश्वा सरदार सिंह सजवाण, गंभीर सिंह, आदेश असवाल, कोषाध्यक्ष भरतचंद रमोला, सचिव सुरेंद्र भंडारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *