बाबा साहेब के नाम पर ’सांस्कृतिक केन्द्र’ का शिलान्यास नाटकबाजी
लखनऊ: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज मंगलवार को अपना 5 दिवसीय यूपी दौरा खत्म करके दिल्ली वापस लौटेंगे. वह आज लखनऊ से शाम साढ़े 4 बजे सेना के विशेष विमान के जरिए दिल्ली वापस रवाना होंगे. दौरे के अंतिम दिन राष्ट्रपति रमानाथ कोविंद ने लखनऊ में वर्चुअल तरीके से बाबा साहब भीमराव अंबेडकर कल्चरल सेंटर का शिलान्यास किया. इस मौके पर लोकभवन में मुख्यमंत्री समेत पूरी यूपी सरकार मौजूद रही. वहीं बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने शिलान्यास को नाटकबाजी करार दे दिया है.
मायावती ने लगातार 4 ट्वीट करते हुए पूरे मामले पर बीजेपी द्वारा राजनीति करने का आरोप लगाया. मायावती ने ट्वीट करते हुए लिखा कि यूपी सरकार अगर ये काम चुनावों से पहले कर लेती तो राष्ट्रपति जी आज इस केंद्र का शिलान्यास नहीं बल्कि उद्घाटन कर रहे होते. दलितों के लिए इस तरह के मामले कोरी नाटकबाजी हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी हो, कांग्रेस या फिर सपा कोई किसी से नाटकबाजी में कम नहीं है.
