युकां ने की एसडीएम से शहर की समस्याएं जल्द हल करने की मांग
पौड़ी
युवा कांग्रेस ने शहर की विभिन्न समस्याओं के लिए हल की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान युवा कांग्रेस ने एसडीएम से शहर की जल्द ही विभिन्न समस्याएं हल करने की मांग उठाई। मंगलवा को एसडीएम से मुलाकात करते हुए युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहित सिंह ने कहा कि पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष ने शहर की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिससे शहर में कई समस्याएं व्याप्त है। उन्होंने एसडीएम से जल्द ही नगर पालिका में ठेकेदारों के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया खोलने, पौड़ी कंडोलिया में बने पार्क को चालू करने, एजेंसी चौक में बनी नगर पालिका बिल्डिंग को सार्वजनिक उपयोग के लिए खोलने, आवारा पशुओं सांड, गाय, बंदरों से निजात दिलाने, वीरचंद्र सिंह गढ़वाली पार्क में उनकी मूर्ति स्थापित कर सार्वजनिक उपयोग के लिए खोलने, एजेंसी चौक स्थित शौचालय का जीर्णोद्धार करने, श्रीनगर रोड़ स्थित कूड़े ढेर का अन्यत्र निस्तारण करने, बस अडडे में जयानंद भारती की मूर्ति स्थापित करने, पूर्व भाजपा नगरपालिका अध्यक्ष पर साबित हुए अनिमियतता के आरोप पर शासन स्तर पर कार्रवाई करने, पुराने कलट्रेट भवन को हेरिटेज के रूप में विकसित करने की मांग की। कहा कि जल्द ही इन समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस मौके पर एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव अंकित सुंदरियाल, पूर्व छात्रसंघ सचिव मुकुल, अमन ,सोनू, ऋषभ कुमार आदि शामिल रहे।
