देहरादून में राजभवन कूच कर रहे कांग्रेसी गिरफ्तार

 

देहरादून(

)। विपक्षी सांसदों के निलंबन के खिलाफ कांग्रेस ने शुक्रवार को देहरादून में राजभवन कूच किया। हाथीबड़कला बैरियर पर जुलूस को रोकने पर कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोंक-झोंक भी हुई। पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार करना शुरू किया तो कार्यकर्ता पुलिस वाहनों के आगे लेट गए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत कूच में शामिल वाम दलों और सपा नेताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गए। जिन्हें शाम को छोड़ दिया गया। राजपुर रोड कांग्रेस मुख्यालय में राजभवन कूच के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह से जुटने शुरू हो गए थे। दोपहर में साढ़े 11 बजे पार्टी मुख्यालय से राजभवन कूच शुरू हुआ तो जुलूस में समाजवादी पार्टी और वाम दलों के नेता भी शामिल हो गए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की अगुवाई में जुलूस हाथीबड़कला पहुंचा तो पुलिस ने डबल बैरकेडिंग लगाकर राजभवन कूच को रोक दिया। इससे आक्रोशित कार्यकर्ता पुलिस से उलझने लगे और वह बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं को भी बैरिकेडिंग पर चढ़ा दिया। यहां करीब डेढ़ घंटे तक कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। पुलिस नेताओं को बैरिकेडिंग से उतार कर हटाने लगी तो तीखी नोंक-झोंक शुरू हो गई। खुद करन माहरा सड़क पर लेट गए। पूर्व सीएम हरीश रावत भी कुर्सी डालकर सड़क पर बैठ गए। बाद में पुलिस ने गिरफ्तारी शुरू कर नेताओं को वाहन में बैठाना शुरू किया तो कार्यकर्ता पुलिस वाहनों के आगे लेट गए। पुलिस उन्हें भी उठाकर वाहनों में ले गई। कांग्रेस के प्रमुख नेताओं समेत 70 से अधिक गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ता पुलिस लाइन ले जाए गए। जिन्हें शाम को छोड़ दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *