ज्वेलर्स की दुकान के ताले काट लाखों के जेवरात चोरी

रुद्रपुर

नगर के जेल कैम्प रोड पर अन्नूपर्णा ज्वेलर्स की दुकान के ताले काटकर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। दुकान स्वामी हरिओम रस्तोगी निवासी वार्ड 9 हाथीखाना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार रात दुकान के शटर के ताले काटकर चोर अंदर घुसे। दुकान के अंदर रखी अलमारियों व तिजोरी के ताले तोड़कर करीब आठ किग्रा चांदी के जेवरात, 12 ग्राम के सोने के झुमके, सोने के पांच ग्राम के पेंडल, पांच ग्राम के नाक के फूल, 20 हजार की आर्टिफिशियल ज्वेलरी, सात हजार की नगदी चुरा ले गए। दुकान के शटर के ताले काटने से पहले चोरों ने मकान मालिक के शटर में कुण्डों से रस्सी फंसा ली। चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। दो चोर बाइक से आए थे। सोमवार सुबह मकान मालिक ने शटर पर ताले नहीं होने की सूचना दी तो वह मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर एसएसआई हरविंदर कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस सीसीटीवी खंगालकर जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *