घरों में गंदा पानी आने से परेशान लोगों का जल संस्थान कार्यालय पर प्रदर्शन
कोटद्वार
नगर निगम के अंतर्गत अनूप विहार,काशीरामपुर तल्ला निवासी इन दिनों उनके घरों में गंदा पानी आने से परेशान हैं। संबधित अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर स्थानीय निवासियों ने रोष व्यक्त करते हुए जल संस्थान कार्यालय के गेट पर प्रदर्शन किया और अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। बुधवार को अनूप विहार निवासी पार्षद सूरज प्रसाद के नेतृत्व में जल संस्थान कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए। इस दौरान उन्होंने विभाग की लापरवाही के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि उनके घरों में एक माह से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है, लेकिन अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे उनका पूरा दिन शुद्ध पेयजल की व्यवस्था बनाने में ही बीत रहा है और घर के अन्य कार्य नहीं हो पा रहे हैं। चेतावनी दी कि शीघ्र ही इस संबध में कार्रवाई न होने पर आंदोलन को तेज किया जायेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में संगीता देवी, गीता देवी, राजेश्वरी देवी, कांती देवी, ममता, राखी, रामवीर,शैला नेगी और मालती रावत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल रहे।
