वन विभाग ने पकड़े मटेना व गरुड़ में 65 कटखने बंदर
बागेश्वर
लंबे समय से लोगों के लिए आतंक का पर्याय बने कटखने बंदरों को पकड़ने के लिए वन विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है। इस मौके पर दर्जनों बंदर पकड़े गए। कत्यूर घाटी के कई गांवों में कटखने बंदरों ने जबरदस्त आतंक मचाया है। बंदर आए दिन शाक-सब्जी, फसल को नष्ट कर ही रहे हैं, लेकिन भगाने पर अब लोगों पर हमला भी कर रहे हैं। दर्जनों लोग अब तक बंदरों के हमले में घायल हो चुके हैं। बंदरों के आतंक के चलते बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो रहा है। कई बच्चों को बंदर हमला कर काट चुके हैं। बंदरों के आतंक के चलते ग्रामीणों का रास्तों में चलना और आंगन में बैठना दूभर हो रहा है। बंदर बुजुर्गों पर हमला करने आ रहे हैं। ग्रामीण कई बार वन विभाग से बंदरों को पकड़ने की गुहार लगा रहे थे। अब वन विभाग ने बंदरों को पकड़ना शुरू कर दिया। पहले दिन मटेना व गरुड़ में 65 बंदर पकड़े गए। बैजनाथ के वन क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बंदरों को पकड़कर बन्ध्याकरण के लिए रानीबाग स्थित सेंटर में भेजा जा रहा है। अब तक गरुड़ में 65 बंदर पकड़े गए। इसके लिए मेरठ से टीम बुलाई गई है। उन्होंने बताया कि यह अभियान जारी रहेगा। इस दौरान उपरजिक अधिकारी गुलाब सिंह कोरंगा, ईश्वरी दत्त कांडपाल, वन दरोगा हरीश चंद्र पांडे, वन रक्षक आनंद सिंह आदि उपस्थित थे। ग्रामीणों ने वन विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा है कि बंदरों की समस्या से निजात दिलाए जाने तक यह अभियान जारी रहना चाहिए।
