विधायक ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
विकासनगर
कोरोना संक्रमण के दौरान आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए इन दिनों जन प्रतिनिधि गांवों में जाकर समस्याओं को सुन रहे हैं। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक मुन्ना चौहान ने डाकपत्थर की लखवाड़ कालोनी स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनते हुए मौके पर ही अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने बताया कि कालोनी में लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं हुई है। जिससे अधिकांश नालियां चोक हो गई हैं। इसके साथ ही बांध परियोजना क्षेत्र में होने के बावजूद बिजली की आपूर्ति अनियमित रहती है। इसके साथ ही कालोनी के कई पात्र लोगों को समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। विधायक ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों को समाज कल्याण विभाग की योजनाओं से वंचित लोगों की सूची तैयार करने को कहा। इस दौरान ग्राम प्रधान मंजू मोंगा, नीरज चौहान, मनीष चतुर्वेदी, काशी मोंगा, मुकेश वर्मा आदि मौजूद रहे।
