वाहन की टक्कर से मौत के मामले में अज्ञात के खिलाफ केस
श्रीनगर गढ़वाल
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भगवती मेमोरियल स्कूल के समीप एक व्यक्ति को टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन चालक पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया है। गत बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे हुई इस घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की बेस अस्पताल श्रीकोट में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। कोतवाल श्रीनगर विनोद गुसांई ने मामले की जांच चौकी प्रभारी श्रीकोट लक्ष्मण सिंह कुंवर को सौंपी है। कोतवाल गुसांई ने बताया कि मृतक के भाई ने कोतवाली श्रीनगर में तहरीर सौंपकर मामले में कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कहा कि घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
