विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव संचालन समिति की घोषणा जल्द

देहरादून

उत्तराखंड में 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव संचालन समिति की घोषणा जल्द हो सकती है। समिति के माध्यम से सभी खेमों को साधने की तैयारी है। समिति की कमान पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस महासचिव हरीश रावत को सौंपी जा सकती है। कांग्रेस चुनाव के मद्देनजर प्रदेश में अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने में जुट गई है। सभी क्षत्रपों को साधने की कवायद चल रही है। इसे लेकर दिल्ली में प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव उत्तराखंड के दिग्गज नेताओं के साथ एक दौर की बैठक कर चुके हैं। दूसरे दौर की बैठक शनिवार को होगी। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पार्टी विधायक दल की नेता डा इंदिरा हृदयेश शिरकत करेंगी। पहले दौर की वार्ता में ही चुनाव में जीत को लक्ष्य रखकर सबको साधने पर जोर दिया जा चुका है। दूसरे दौर की वार्ता में चुनाव संचालन के संबंध में विस्तार से चर्चा हो सकती है। इसमें चुनाव संचालन समिति के गठन की रूपरेखा को भी अंतिम रूप दिया जा सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को भी समिति की कमान सौंपी जा सकती है। समिति के पास मुख्य जिम्मेदारी चुनाव प्रचार की रणनीति को धार देने की होगी। बैठक में चुनाव को लेकर चर्चा के साथ ही दिग्गजों के आपसी मतभेदों को सुलझाने पर विचार किया जाएगा। विधानसभा सीटों पर टिकट तय करने के फार्मूले को भी अंतिम रूप दिया जा सकता है। पार्टी इस चुनाव को लेकर बेहद सतर्क है। इसे करो या मरो की तर्ज पर लड़ा जाएगा। हालांकि, इसके संकेत पार्टी की ओर से तमाम दिग्गजों को भी दिए जा चुके हैं। प्रदेश में भाजपा के प्रचंड बहुमत की चुनौती तो है ही, साथ में सत्तारूढ़ दल की सांगठनिक क्षमता का पूरा अहसास कांग्रेस को है। ऐसे में किसी स्तर पर चूक न हो, इसके लिए ये कवायद तेज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *