पौड़ी के 5 खिलाड़ियों का नेशनल बैडमिंटन के लिए चयन
पौड़ी
राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में परचम लहराने के बाद चैंपियन टॉपी को जिले के आला अफसरों को सौंप दिया गया। वहीं पौड़ी के पांच खिलाड़ियों का चयन नेशनल बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। जिले की इस सफलता पर शिक्षा विभाग के आला अफसरों ने खुशी जताई है। पौड़ी जिले की टीम ने हल्द्वानी (नैनीताल) में 27 से 29 सितंबर तक आयोजित हुई विद्यालयी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया था। पौड़ी ने फाइनल मुकाबले में ऊधम सिंह नगर को 3-1 से हराने में सफलता हासिल की थी। पौड़ी के पांच खिलाड़ी सूरज मंडल ,अर्चित धनाई, अरुण, ध्रुव देवली और रंदीप रॉय का चयन राष्ट्रीय स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यही नहीं व्यक्तिगत स्पर्धा में खिलाड़ी सूरज मंडल ने रजत जबकि अर्चित और धनेय ने कांस्य पदक हासिल किया। राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में चैंपियन बनने पर गढ़वाल मंडल के एडी बेसिक वीएस रावत , मुख्य शिक्षा अधिकारी दिनेश चन्द्र गौड़ सहित आला अफसरों ने टीम के साथ ही खेल समन्वयक योगम्बर सिंह नेगी, टीम मैनेजर डॉ. हीरा सिंह बिष्ट, टीम कोच अजय चौहान और ईश्वर रावत को बधाई दी है। उम्मीद जताई कि जिले के खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर भी अपने पूरा जौहर दिखाएंगे।
