भूकंप के झटके से डोली बागेश्वर की धरती
बागेश्वर। मंगलवार को दोपहर बाद जिले में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप से लोगों में दहशत पैदा हो गई। कई स्थानों पर लोग घरों से बाहर निकल आए। फोन से अपने प्रवासियों की कुशल क्षेम लेने में लग गए। जानकारी के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई है। भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे नेपाल में था। करीब दो बजकर 51 मिनट पर आए भूकंप में पांच सेकंड से अधिक समय तक धरती हिलती रही। हालांकि अभी नुकसान की कोई सूचना नहीं है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि जिले में भूकंप से नुकसान की कोई सूचना नहीं है। तहसील में स्थापित आपदा केंद्र में तैनात कर्मियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
