शहर से लेकर गांवों को गंदगी मुक्त करने निकले स्वच्छता के सिपाही
विकासनगर। पछुवादून को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए आम और खास हर कोई घर से बाहर निकल कर स्वच्छता अभियान में जुटा रहा। खास बात यह रही कि यह अभियान औपचारिकता मात्र न होकर बड़े पैमाने पर सफल भी हुआ। करीब एक घंटे तक गांव, देहात और शहरों में स्थानीय बाशिंदों ने स्वच्छता अभियान चलाया, जिसके बाद सड़कें, गलियां, सार्वजनिक स्थल, पार्क सब गंदगी से मुक्त दिखाई दिए।
‘ले मशालें चल पड़े हैं लोग मेरे गांव के… की तर्ज पर लोग झाड़ू और अन्य सामान के साथ क्षेत्र को स्वच्छ बनाने निकल पड़े। विकासनगर नगर पालिका क्षेत्र में विधायक मुन्ना चौहान के नेतृत्व में नगर पालिका कर्मचारी और आम जनता ने सड़कों और गलियों को साफ किया। पश्चिमवाला रोड पर पसरी गंदगी को साफ करते हुए विधायक ने स्थानीय लोगों को कूड़ा सड़क पर फैंकने के बजाय उसका विधिवत निस्तारण करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि अपने वार्ड को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। दूसरी ओर सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने ग्राम पंचायत नौगांव, मांडूवाला, सुद्धोवाला में स्व्च्छता अभियान चलाया। नौगांव मांडूवाला में मुख्य मार्ग पर जंगल किनारे विधायक के साथ कर्मा वेलफेयर सोसायटी, तिब्बतन समुदाय के सदस्यों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने मिलकर साफ सफाई की। विधायक ने कहा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देश, प्रदेशवासियों ने स्वच्छता को शिष्टाचार से आत्मीकरण किया है। कहा कि प्रधानमंत्री का स्वच्छता ही सेवा का स्वप्न आज एक जन आंदोलन बन गया है। देश की जनता बढ़-चढ़कर इसमें सक्रिय भागीदारी निभा रही है। हरबर्टपुर नगर पालिका क्षेत्र में पालिकाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट समेत सभी सभासद, कर्मचारियों ने पूरे शहर की जनता के साथ मिलकर देहरादून रोड, सहारनपुर रोड, पांवटा रोड, विकासनगर रोड समेत आवासीय कालोनियों में सफाई की। सेलाकुई में अधिशासी अधिकारी मिठ्न लाल शाह के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने उठाया झाड़ू
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने झाड़ू उठाकर शहर से लेकर गांव तक स्वच्छता अभियान चलाया। ग्रामीण मंडल कार्यकर्ताओं ने कारगिल शहीद स्क्वाड्रन लीडर राजीव पुंडीर के स्मारक का सौंदर्यीकरण किया। हरबर्टपुर, विकासनगर मंडल कार्यकर्ताओं ने दोनों ही शहरों के साथ भीमावाला, नवाबगढ़, ढकरानी गांव की गलियों को साफ किया। क्वांसी मंडल कार्यकर्ताओं ने गोराघाटी में वन विभाग और तहसील कर्मियों के साथ मिलकर साफ सफाई की।
