नैटवाड़ मोरी बिजली परियोजना में मैकेनिकल स्पिनिंग की शुरूआत
उत्तरकाशी। 60 मेगावाट वाली नैटवाड़-मोरी जल विद्युत परियोजना में मैकेनिकल स्पिनिंग की शुरूआत हो गई है। क्षेत्र के अधिकारिक दौरे पर पहुंचे अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक एसजेवीएन नन्द लाल शर्मा ने इसका शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने यमुना परिसर में शिव मन्दिर का उदघाटन भी किया। नैटवाड़ बिजली परियोजना के निरीक्षण को पहुंचे प्रबंध निदेशक नंद लाल शर्मा ने परियोजना के बैराज स्थल, मशीन हॉल, स्विचयार्ड व पारेषण लाईन के कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। साथ ही परियोजना निर्माण में स्थानीय जनता के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने परियोजना टीम का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि परियोजना आगामी कई वर्षों तक क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगी। बता दें कि एसजेवीएन भारत सरकार विद्युत मंत्रालय के अधीन एक शेड्यूल ए सीपीएसई है। शर्मा ने बताया कि हमारा विजन विद्युत क्षेत्र में वर्ष 2026 तक 12 हजार मेगावाट, वर्ष 2030 तक 25 हजार मेगावाट तथा वर्ष 2040 तक 50 हजार मेगावाट की कंपनी बनना है। इसके अलावा परियोजना क्षेत्र एवं इसके आस-पास के इलाकों में स्वास्थ्य, शिक्षा, ढांचागत विकास कार्यों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं मोबाईल हेल्थ चैन स्वास्थ्य शिविर, महिला एवं बाल विकास योजना, एसजेवीएन की तकनीकी शिक्षा योजना के तहत स्थानीय युवाओं को आईटीआई प्रशिक्षण के लिये प्रायोजित करना, परियोजना क्षेत्र में ढांचागत विकास के अन्तर्गत रास्तों, शौचालयों पानी के टैंकों का निर्माण कार्य व स्ट्रीट लाईटों का मुहैया करवाना आदि काम कराना उद्देश्य है।
