डेंगू प्रभावित वार्डों में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम

चमोली। लगातार मिल रहे डेंगू पॉजिटिव के बाद गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर पालिका के कर्मियों के साथ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान कर्मियों को इलाकों में लार्वा तो नहीं मिला लेकिन कई जगह पानी जमा पाया गया। कर्मियों ने लोगों को जागरूक किया। वहीं नगर पालिका ने प्रभावित इलाकों में फॉगिंग अभियान चलाया। नगर में पिछले एक माह से लगातार डेंगू ने लोगों को चितिंत किया हुआ है। अब तक करीब डेंगू के 17 कंफर्म केस मिल चुके हैं। जबकि कई डेंगू से मिलते जुलते लक्षणों वाले मरीज अपना इलाज करवा रहे हैं। हालांकि उनकी जांच रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव नहीं है। बावजूद प्लेटलेट्स गिरने से लोगों में भय बना है। इधर गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने डा. अंकित डिमरी के नेतृत्व में गांधीनगर, बहुगुणानगर सहित आस पास के इलाकों में टीम भेजी। जबकि शाम को सुभाषनगर में टीम गई। प्रभारी चिकित्साधीक्षक डा. हरीश थपलियाल ने बताया कि गुरूवार को डेंगू का कोई केस नहीं मिला है। हालांकि स्वास्थ्य टीम ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और लोगों को जागरूक किया। इस दौरान गांधीनगर में लोगों ने विभाग और प्रशासन पर डेंगू के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। इधर नगर पालिका के ईओ गुरूदीप आर्य ने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए लगातार फॉगिंग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *