सामाजिक चेतना का माध्यम बने महोत्सव
बागेश्वर। कमस्यार महोत्सव की तैयारी को लेकर कमस्यार महोत्सव समिति की देवतोली में बैठक का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महोत्सव केवल मनोरंजन का साधन न होकर सांस्कृतिक, सामाजिक चेतना का माध्यम हो। इसके लिए सभी को बढ़चढ़कर कार्यक्रम में भाग लेना होगा और अपनी सोच को विकसित करना होगा। विगत वर्षों की भांति ही इस वर्ष भी कमस्यार महोत्सव का आयोजन होना सुनिश्चित हुआ है। दो दिसंबर से शुरू होने वाले महोत्सव को भव्य व आकर्षक बनाया जाएगा। पदाधिकारियों ने शनिवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पीएस डसीला स्मारक राइंका देवतोली खेल मैदान में हुई बैठक में महोत्सव को लेकर चिंतन मंथन किया गया। कमेटी अध्यक्ष सुरेश सिंह रावत ने कहा कि इस बार महोत्सव को अन्य सालों से भी भव्य बनाया जाएगा। महोत्सव में बालक-बालिकाओं के लिए मैराथन दौड़ होगी। स्थानीय प्रतिभाओं को समय देकर झोड़ा, चांचरी, भगनोल गायन पर फोकस होगा। स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दी जाएगी। कमस्यार के विभिन्न प्रतिभाशाली लोगों को मंच के माध्यम से कमस्यार गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। स्थानीय विद्यालयों व महिलाओं पर आधारित रस्सा कस्सी, कुर्सी दौड़ कार्यक्रम भी महोत्सव का हिस्सा रहेंगे। संस्कृति विभाग, सूचना विभाग से दलो़ की प्रस्तुति भी रहेगी। संचालन दीपक रौतेला ने किया। इस मौके पर कोषाध्यक्ष हरीश डसीला, संयोजक विनोद मेहरा,राजेंद्र खाती, चंद्रशेखर सिंह, दीपक धानिक, दीपक रौतेला,विनोद मेहरा, मनोज रौतेला, प्रवीण रौतेला, जगदीश साहनी, हरीश डसीला, दीपक सिंह, नरेंद्र भौर्याल, पंकज सिंह मौजूद रहे।
