जन-जागरूकता कैंप लगाने के निर्देश दिए
पौड़ी। जनपद स्तरीय बैंकर्स निगरानी समिति की बैठक में डीएम ने सभी बैंकर्स को वित्तीय साक्षरता के संबंध में लोगों को जागरूक करने, डिजिटलीकरण की प्रक्रिया को अधिक समावेशी बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए रिमोट एरिया में जन-जागरूकता कैंप लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगो को योजनाओं का अधिक-से-अधिक लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए। बुधवार को बैठक में डीएम डा.आशीष चौहान ने स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, इण्डसिण्ड बैंक के अफसरो को सीडी रेशियो(क्रेडिट डिपोजिट, जमा पूंजी, ऋण वितरण अनुपात) में निम्न प्रगति पर कड़ी फटकार लगाते हुए 1 महीने के भीतर सीडी रेशियो में सुधार के निर्देश दिए। कहा कि जल्द ही सुधार नहीं होने पर कार्रवाई भी की जाएगी। डीएम ने लीड बैंक अधिकारी को कालागढ़ क्षेत्र में एक बैंक ब्रांच खोलने, मुख्य कृषि अधिकारी को प्रगतिशील किसानों को चिन्हित करते हुए उनको सरकारी योजनाओं का बेहतर लाभ देने, सेल्फ रूरल एप्लायमेंट ट्रेनिंग इस्टिट्यूट के निदेशक को छोटे-मोटे स्वरोजगारपरक कार्यों का व्यावहारिक और तकनीकि प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ अपूर्वा पाण्डेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए संजीव कुमार रॉय, लीड बैंक अधिकारी अनिल कटारिया, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी, महाप्रबंधक उद्योग शैलेन्द्र डिमरी, परियोजना प्रबंधक राजेश्वरी सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, परियोजना प्रबंधक स्वनिधि योजना सीमा पाण्डेय, सहायक निबंधक कॉपरेटिव पान सिंह राणा आदि शामिल रहे।
