कांवड़ियों ने पूर्व जिलाध्यक्ष की पत्नी का फोन लौटाया
नई टिहरी। दिल्ली से गंगोत्री जल लेने आये दो कांवड़ियों ने ईमानदारी का परिचय देते हुये देवप्रयाग भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष की पत्नी का फोन सकुशल लौटाया। लोगों ने कांवड़ियों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया। बीते रविवार को देवप्रयाग भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मदन सिंह रावत की पत्नी अनुराधा रावत का नरेन्द्रनगर क्षेत्र के आसपास फोन खो गया था, जिसकी सूचना उन्होंने नरेन्द्रनगर पुलिस को दी। पुलिस ने फोन को ट्रैकिंग पर लगाया,फोन की लोकेशन उत्तरकाशी जिले के धरासू बैंड के पास मिली, पूछताछ में कांवड़ियों ने बताया कि वापसी के दौरान वह फोन लौटा देंगे। गुरुवार को कांवड़ियां राजपाल सोलंकी और अमित सोलंकी निवासी पुटकला गांव दिल्ली नरेन्द्रनगर पहुंचे, और उन्होंने फोन को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष को वापस लौटा दिया। स्थानीय लोगों ने दोनों कांवड़ियों का फूल माला से स्वागत कर उन्हें फल, जूस, पानी आदि सामग्री भेंट की।
