बुकिंग के नाम पर स्कूटी लेकर फरार हुए दो पर्यटक
हल्द्वानी। कोतवाली थाना क्षेत्र में पर्यटक बनकर आए दो युवक बुकिंग के नाम पर स्कूटी लेकर फरार हो गए। काफी तलाश के बाद भी आरोपियों का पता नहीं चल पाया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों को पकड़ने की गुहार लगाई है। आवास विकास कॉलोनी निवासी लक्ष्य के विद्याधर नामक व्यक्ति का कहना है कि उन्होंने स्वरोजगार के लिए कर्ज लेकर तीन स्कूटी खरीदी हैं। स्कूटी को वह किराए पर देकर रोजगार चलाते हैं। एक जून को उनके पास दो युवक आए। दोनों ने किराए पर एक स्कूटी देने को कहा। मना करने पर युवकों ने मजबूरी बताई। इस पर उन्होंने स्कूटी किराए पर दे दी। काफी समय बीतने के बाद जब युवक नही लौटे तो उन्होंने ढूंढ़खोज शुरू की, लेकिन युवकों और स्कूटी का पता नहीं चल सका। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीसीटीवी जांचे जा रहे हैं।
