राष्ट्रीय राजमार्ग को नगर से न आने देने के लिए माननीयों ने कितने प्रयास किए, जनता को बताएं: बिट्टू कर्नाटक
अल्मोड़ा। सरकार के नुमाइंदों एवं महत्वपूर्ण पदों में बैठे जनता द्वारा निर्वाचित माननीयों द्वारा जनता को ये कह कर भ्रमित किया जा रहा है कि एनएच 87 का विस्तारीकरण नगर से न करके चोंसली-कोसी एवं पांडेखोला-शैल-चितई बाईपास बनाने का आदेश कर दिया गया है, यह बात उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने प्रेस को जारी एक बयान में कही। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता एवं जनता द्वारा निर्वाचित कर महत्वपूर्ण पदों में बैठाए गए व्यक्ति बिना किसी जानकारी के मंचों से एवं एक न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से यह वक्तव्य दे रहे हैं कि नेशनल हाईवे 87 का विस्तारीकरण चोंसली से कोसी एवं पांडे खोला शैल चितई बाईपास स्वीकृत कर दिया गया है। कुछ लोग राजनीति के उद्देश्य से लोगों को बहकाने का काम कर रहे हैं।
श्री कर्नाटक ने कहा कि उनके द्वारा विगत दस बारह वर्षों से लगातार ज्ञापन के माध्यम से, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री सी.पी.जोशी से व्यक्तिगत रूप से चार बार मिलकर वार्ता की गई है। उन्होंने कहा कि केवल केंद्रीय मंत्री गडकरी जी द्वारा ही उन्हें यह आश्वासन भी दिया है कि एनएच 87 का विस्तारीकरण नगर से नहीं किया जाएगा और इसे चोंसली से ही किया जाएगा। लेकिन इस संबंध में आज की तारीख तक न कोई शासनादेश निर्गत हुआ है और न ही अभी इसकी डीपीआर बनी है। उन्होंने कहा कि आज जनता को भ्रमित करना वाले नेता एवं माननीय ये बताए कि कितनी बार उन्होंने जनहित में इस राष्ट्रीय राजमार्ग को नगर से न आने देने के लिए अपने स्तर से प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि अगर शासनादेश रखने में असमर्थ हैं तो कम से कम इसकी डीपीआर जनता के समक्ष रखें ताकि जनता को भी यकीन हो पाए। उन्होंने कहा कि केवल कोरे बयान देकर कोई जनता को बेवकूफ नहीं बना सकता और न इस तरह के बयानों को प्रसारित करके कोई न्यूज पोर्टल अपनी छवि बना सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोरा बयान देकर संबंधित जनता के सामने केवल अपना मजाक उड़वा रहे हैं।
