पलटवार:आरोपी शिक्षक ने प्रभारी समन्वयक व परिचायकों पर लगाया मारपीट का आरोप

काशीपुर। बीआरसी के प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक ने पलटवार करते हुए प्रभारी समन्वयक,परिचायकों पर शराब पीने व मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिक्षक ने भी अफसरों को पत्र के साथ ही वीडियो भी भेजी है। प्रभारी बीईओ मामले की जांच कराने की बात कह रहे हैं। राप्रावि जसपुर प्रथम में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात अंबुज कुमार बिश्नोई ने भेजे पत्र में कहा है कि उसके विद्यालय में निरंतर चोरी की घटनाएं हो रही है। विद्यालय की सुरक्षा व देखरेख को वह अक्सर रात को स्कूल भी जाते रहते हैं। 15 मई की रात करीब 9.45 बजे वह विद्यालय गए थे। आरोप है कि उन्होंने बीआरसी परिसर के एक कक्ष में दोनों परिचायक एवं प्रभारी समन्वयक को शराब पीते देखा। वह अपने मोबाइल से इसकी वीडियो बनाने लगे। यह देखकर तीनों लोग शराब की बोतलें मेज पर ही छोड़कर कमरे से बाहर आ गए। आरोप है कि तीनों ने उसे अकेला देखकर उनके साथ गाली गलौज कर मारपीट कर धमकी दी। शिक्षक ने शिकायती पत्र के साथ कमरे में रखी शराब की बोतलों की वीडियो एबीओ को भेज कर साक्ष्यों के आधार पर तीनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। प्रभारी एबीओ आरएस नेगी ने बताया कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *