दो सप्ताह बाद भी नहीं लगा शारदा में डूबे श्रद्धालु का सुराग
चम्पावत। दो सप्ताह बाद भी शारदा नदी में डूबे श्रद्धालु का सुराग नहीं लग सका। पहले नवरात्र को क्वांसी, जिला अलीगढ़, यूपी निवासी अभिषेक (18) पुत्र राम बाबू परिजनों के साथ मां पूर्णागिरि दर्शन को आया था। दर्शन करने से पहले वह बूम स्थित शारदा नदी किनारे परिजनों के साथ स्नान कर रहा था। इसी दौरान श्रद्धालु गहरे पानी में चला गया। परिजनों और आस पास स्नान कर रहे लोगों ने युवक को काफी देर तक खोजा लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। दो सप्ताह बीतने के बाद भी युवक का पता नहीं है। इधर एसडीआरएफ और जल पुलिस के गोताखोर श्रद्धालु की खोजबीन में जुटे हैं।
