नशामुक्ति को लेकर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया

रुद्रप्रयाग। राजकीय महाविद्यालय जखोली में एंटी ड्रग्स सेल के अंतर्गत संगोष्ठी आयोजित की गयी, जिसमें ड्रग्स फ्री देवभूमि की टीम को लेकर छात्र छात्राओं को जागरूक किया गया। संगोष्ठी में चौकी प्रभारी जखोली नरेंद्र सिंह गहलावत ने छात्र छात्राओं को नशे की प्रवृत्ति से होने वाले दुष्परिणाम के बारे में बताया है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान देवल शंभू प्रसाद उनियाल ने नशा मुक्त कार्यक्रम पर अपने द्वारा किए गए कार्यों एवं प्रयासों का विवरण देते हुए समाज के प्रत्येक नागरिक को नशामुक्ति अभियान में शामिल होना आवश्यक बताया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संरक्षक व्यापार संघ मयाली स्वच्छता समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र प्रसाद सकलानी ने छात्र-छात्राओं को नशे से मुक्त समाज बनाने के लिए आह्वान किया व इस मिशन में अपना पूरा सहयोग प्रदान करने की अपील की है। पूर्व प्रधान देवल एवं महिला मंगल दल सदस्य श्रीमती पुष्पा देवी ने भी मातृशक्ति को जागरुक कर नशा मुक्त देवभूमि मिशन को सहयोग देने की बात कही। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा.नंदलाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत कर मंच संचालन किया। महाविद्यालय की प्राचार्य डा.माधुरी ने उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए धन्यवाद किया। कार्यक्रम में समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित थे। सभी ने हस्ताक्षर कर इस मिशन को आगे बढ़ाने एवं नशा मुक्त देवभूमि को लेकर संकल्प लिया। कार्यक्रम में छात्र संघ पदाधिकारी एवं अध्ययनरत छात्र-छात्रा उपस्थित थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *