नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों ने गांवों में कराया सैनेटाइजेशन
बीकेटी, लखनऊ
स्थानीय विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत अटेसुआ में नवनिर्वाचित प्रधान बिल्किश ने कोरोना जैसी घातक बीमारी से बचने के लिए पूरी ग्राम पंचायत को अपने निजी खर्चे से सैनेटाइज कराया। ग्राम प्रधान द्वारा गांव के लोगों से उचित दूरी व मास्क का सही ढंग से प्रयोग करने की अपील भी की गई। प्रधान द्वारा गांव में कराये जा रहे सैनिटाइजेशन के कार्यों में ग्रामीणों द्वारा बढ़-चढ़कर सहयोग किया गया।अटेसुआ गांव के निवासी चंद्रपाल सिंह राठौर,लल्ला मौर्या के अलावा रोजगार सेवक के लोगों ने भी विशेष योगदान दिया। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान बिल्किश ने बताया कि आने वाले दिनों में ग्राम पंचायत के सभी नालियों को साफ कराया जाएगा,और स्वच्छता हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर इटौंजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मानपुर मंडी में स्वयं सेवकों की टोली द्वारा सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया।राष्ट्रीय स्वयंसेवक सेवक संघ के पदाधिकारी आशीष कुमार त्रिवेदी द्वारा बताया गया की कोरोना जैसी भयंकर महामारी से बचने के लिए मानपुर मंडी को स्वयं सेवकों द्वारा निजी ख़र्च पर सैनिटाइज किया गया है। यहां पर क्षेत्र के सैकड़ों गांव से लोग अपनी सब्जी व फसल बेचने के लिए लाते हैं ऐसे में लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए समय-समय पर सैनिटाइजेशन का कार्य किया जाना आवश्यक है।
