मोबाइल टावरों के विरोध में एचआरडीए कार्यालय पर प्रदर्शन

हरिद्वार

भीमगोड़ा क्षेत्र की नई बस्ती में लगाए जा रहे दो मोबाइल टावरों के विरोध में स्थानीय लोग खुलकर सामने आ गए हैं। मोबाइल टावर के विरोध में स्थानीय लोगों ने एचआरडीए कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की। भीमगोड़ा क्षेत्र की गोसाईं गली स्थित नई बस्ती में एक कंपनी के दो मोबाइल टावर लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोबाइल टावर के रेडिएशन से बच्चों में कईं तरह की बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है। इसलिए इन मोबाइल टावरों को आबादी क्षेत्र से बाहर लगाए जाना चाहिए। पार्षद कैलाश भट्ट ने कहा कि पिछले सात दिनों से लगातार लोग टॉवर के खिलाफ हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय युवक प्रशांत शर्मा ने बताया कि लोगों के विरोध को अनदेखा किया जा रहा है। मोबाइल टावर लगाए जाने के विरोध में शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने एचआरडीए कार्यालय पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। लोगों ने एचआरडीए से भीमगोड़ा नई बस्ती में दोनों मोबाइल टावर न लगाए जाने की मांग की। उधर, प्रदर्शनकारी लोगों से वार्ता करते हुए एचआरडीए के सचिव उत्तम सिंह चौहान ने बताया कि मोबाइल टावर लगाए जाने के लिए छह माह के भीतर एचआरडीए से एनओसी लेनी होती है, लेकिन यह एनओसी उन्हें ही प्रदान की जाती है जिनके द्वारा एचआरडीए से नक्शा स्वीकृत कराया गया हो, अन्यथा एचआरडीए मोबाइल टावर लगाए जाने के लिए एनओसी प्रदान नहीं करता है। विरोध प्रदर्शन करने वालों में पूर्व पार्षद लखन लाल चौहान, वेदांत उपाध्याय, हिमांशु पंत, यागिक वर्मा, रजत कंडवाल, मनोज, खुशीराम रतूड़ी, विमल शर्मा, किशन डे सहित स्थानीय महिलाएं शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *