अखिलेश यादव का हमला, बोले-इतना झूठ बोलने का कैसे कर लेते हो पाप
लखनऊ
पूरा देश कोरोना के कोहराम से त्राहि माम त्राहि माम कर रहा है। यूपी ने भी कोरोना ने हाल बेहाल कर रखा है। ऑक्सीजन, बेड, इजेक्शन और दवाओं के लिए मारामारी मची है। इसके बाद भी शासन सबकुछ ठीक होने का दावा कर रहा है। कहा जा रहा है कि प्रदेश में ऑक्सीजन, बेड या दवाओं की कोई कमी नहीं है। शासन के दावों पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एक बार फिर हमला किया है।
अखिलेश यादव ने बिना किसी का नाम लिये झूठ बोलने का आरोप लगाया। अखिलेश ने शायराना अंदाज में लिखा कि पूछ रही सत्ताधारी से…दिन-रात जलती श्मशानों की आग…इतना झूठ बोलने का कैसे कर लेते हो पाप…एक दिन सबको यहीं है आना बस इतना रखना याद…।
इससे पहले एक ट्वीट से अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार की बदइंतज़ामी की वजह से कोरोना मौतों की ख़बरें दुनिया भर के प्रतिष्ठित अख़बारों-पत्रिकाओं में छपने से हमारे देश की वैश्विक छवि बहुत धूमिल हुई है। सरेआम झूठ बोलने वाले लोग अब क्या उन प्रकाशनों की संपत्ति जब्त करेंगे या उन पर रासुका लगाएंगे। भाजपा सरकार की बदइंतज़ामी की वजह से कोरोना मौतों की ख़बरें दुनिया भर के प्रतिष्ठित अख़बारों-पत्रिकाओं में छपने से हमारे देश की वैश्विक छवि बहुत धूमिल हुई है। कोरोना में फैली अव्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव लगातार सरकार पर हमले कर रहे हैं। उन्होंने ऑक्सीजन की कमी को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ऑक्सीजन की उपलब्धता पर सरेआम झूठ बोल रही है। कहा कि जिस तरह उत्तर प्रदेश के लोग ऑक्सीजन के लिए दर-दर भटक रहे हैं वो बेहद दुखद है। उससे भी दुखद है कि भाजपा सरकार सरेआम झूठ बोल रही है कि कहीं कोई कमी नहीं है। ये एक नैतिक अपराध है। अब तो भाजपा के समर्थक तक इस झूठ में अपनों को खोने के लिए बाध्य हैं। सत्य का इतना अपमान पहले कभी नहीं हुआ।
