युवा ही राष्ट्र की रीढ़ होते हैं: अग्रवाल
विकासनगर। जेबीआईटी रामपुर में नवागंतुक छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे प्रदेश के वित्त एवं शहरी विकास मंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग सकारात्मक कार्यों में करते हुए राष्ट्र के विकास में अपना सहयोग देने को कहा। उन्होंने कहा कि युवा ही राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। जिस देश के युवा सकारात्मक ऊर्जा से लबरेज हों वह राष्ट्र विकास के पथ पर अग्रसर रहता है। शनिवार रात आयोजित अभिनंदन समारोह में विभिन्न विषयों की प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का सीनियर छात्रों ने स्वागत किया। सीनियर छात्रों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। जूनियर छात्रों के लिए आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के आधार पर खुशी मल्होत्रा मिस फ्रेशर और हर्षदीप माटा मिस्टर फ्रेशर चुने गए। छात्रों को संबोधित करते हुए काबीना मंत्री अग्रवाल ने कहा कि तकनीकी शिक्षा ले रहे छात्र-छात्राएं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपना योगदान देते हुए राष्ट्र के विकास में सहायक बनते हैं। जिस राष्ट्र में जितने अधिक निर्माण कार्य हो रहे हों, वह देश उतनी ही तेज गति से विकास करता है। मशीनों के निर्माण से राष्ट्र को तकनीक के क्षेत्र में उन्नति मिलती है। भवनों, सड़कों, पुलों का निर्माण देश की समृद्धि को दर्शाता है। इन सभी निर्माण में तकनीकी शिक्षा लेने वाले युवाओं का योगदान होता है। उन्होंने कहा कि भारत के तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं का आज पूरा विश्व कायल है। विश्वभर में भारतीय युवा अपने तकनीकी कौशल का परिचय दे रहे हैं। उन्होंने छात्रों को शिक्षा के साथ ही सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की सलाह दी। इस दौरान चेयरपर्सन हेमलता सिंघल, वाइस चेयरमैन संदीप सिंघल, रजत सिंघल, संध्या सिंघल, डॉ. वीके सिंह, डॉ. पीके चौधरी, डॉ. पीके अरोड़ा, डॉ. विशांत कुमार आदि मौजूद रहे।
