महिलाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करे पुलिस: कंडवाल
ऋषिकेश। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा कुसुम कंडवाल ने रायवाला थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों से महिलाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए। शनिवार को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने थाना रायवाला की महिला हेल्प डेस्क का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने हेल्प डेस्क में दर्ज शिकायतों के रजिस्टर को चेक किया और जानकारी ली कि कितना कार्य हो रहा है और महिलाओं की कितनी शिकायतों पर कार्यवाही कर उनकी सहायता की गई है। महिला आयोग की अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद सब इंस्पेक्टर और आरक्षियों को निर्देशित भी किया कि महिलाओं से अच्छा और सम्मानजनक व्यवहार करें तथा पीड़ित महिलाओं और किशोरियों से सरल और मधुर व्यवहार कर उनकी हर संभव सहायता करने का कार्य करें। मौके पर भूपेन्द्र राणा, पार्षद सुंदरी कण्डवाल, लक्ष्मी गुरुंग आदि उपस्थित रहे।
