सड़क पर पलटा लोडर, 11 घायल, दो हायर सेंटर रेफर 

 

विकासनगर। चकराता प्रखंड के लोहारी गांव से लोखंडी की ओर आ रहा एक लोडर वाहन सड़क पर पलट गया। इस हादसे में लोडर सवार 11 लोग घायल हो गए। गंभीर चोटें आने के कारण दो घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। हालांकि वाहन गहरी खाई में गिरने से बच गया। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। चालक मौके से फरार हो गया। बुधवार सुबह लोहारी गांव के ग्रामीण लोडर वाहन में सवार होकर चकराता की ओर आ रहे थे। इसी दौरान लोहारी लोखंडी मोटर मार्ग पर डाबनी धार के समीप चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया। जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। गनीमत रही कि वाहन खाई में नही गिरा। वाहन पलटने से मौके पर मची चीख पुकार सुन ग्रामीण दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल दुर्घटना की सूचना 108 व पुलिस को दी। मौके पर पहुंची 108 से घायलों को सीएचसी चकराता लाया गया। लोडर में सवार एतारु, सामो देवी, टीकम, शूरवीर सिंह, नदिया, चेतू, नंदलाल, दिनेश, टीकम, आदि को हल्की फुल्की चोटें आईं जबकि 11 वर्षीय खुशी व 30 वर्षीय श्यामू को गंभीर चोटे आई हैं। दोनों को गंभीर चोटें होने के कारण हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। वाहन पलटने के बाद चालक अंकित थापा निवासी देहरादून मौके से फरार हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *