बैराज मैदान में मिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य आगाज
विकासनगर। डाकपत्थर बैराज मैदान में जनपद स्तरीय मिनी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ सोमवार को भव्य आगाज हुआ। तीन दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के पहले दिन जिले के सभी ब्लॉक से आए नन्हें खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर पसीना बहाया। शिक्षकों ने स्वस्थ खेल भावना के तहत सभी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उद्घाटन समारोह में शिक्षकों ने परंपरागत जौनसारी लोकनृत्य कर समां बांधा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष अनंत सोलंकी, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष उमेश चौहान, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख ने क्रीड़ा ध्वज फहराकर और खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाकर प्रतियोगिता शुरू करने की घोषणा की। प्रतियोगिता के लिए बैराज मैदान आकर्षक रंगोली, गुब्बारों, बैनर, झंडियों से भव्य तौर पर सजाया गया है। प्रतियोगिता के तहत प्राथमिक बालिका वर्ग पचास मीटर दौड़ में कालसी ब्लॉक की विदुषी प्रथम, डोईवाला ब्लॉक की लालमुनी कुमारी दूसरे स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में रायपुर ब्लॉक के राहुल सादा प्रथम, रायपुर ब्लॉक के ही सर्वेश द्वितीय और विकासनगर ब्लॉक के विकास जोशी तीसरे स्थान पर रहे। सौ मीटर दौड़ में विकासनगर ब्लॉक के अभिषेक प्रथम, कालसी ब्लॉक के वंश द्वितीय, कालसी ब्लॉक के आयुष चौहान तीसरे स्थान पर रहे।
सब जूनियर में सौ मीटर में अमर अव्वल
सब जूनियर बालक वर्ग सौ मीटर दौड़ में विकासनगर ब्लॉक के अमर सिंह प्रथम, डोईवाला ब्लॉक के समीर और रुद्र नौटियाल क्रमश: द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में विकासनगर ब्लॉक की तनीषा प्रथम, चकराता ब्लॉक की कल्पना नौटियाल द्वितीय, डोईवाला ब्लॉक की मोनिका व्यास तीसरे स्थान पर रहीं। इस दौरान बीईओ वीपी सिंह, पूजा नेगी दानू, क्रीड़ा समन्वयक लेखराज तोमर, अतुल शर्मा, कमल सुयाल, दुर्गा चौहान, अमित महेंद्रू, बीरबल कश्यप, सुरेश नौटियाल, रामनारायण रतूड़ी, राजपाल यादव, हुकम सिंह चौधरी, मधु पटवाल, प्रवीण वर्मा आदि मौजूद रहे।
