भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया सेवा संकल्प दिवस
विकासनगर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्ददिवस पर शुरू किए गए सेवा पखवाड़ा के तहत रविवार को भारतीय जनता पार्टी विकासनगर ग्रामीण मंडल की ओर से पपड़ियान स्थित बूथ पर सेवा संकल्प दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को बधाई संदेश भी भेजा। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में फल वितरित किए गए। कार्यक्रम में शिरकत कर रहे विधायक मुन्ना चौहान ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही वैश्विक मंच पर भारत की स्वीकार्यता बढ़ी है। भारत के बढ़ते महत्व को देखते हुए ही विश्व के कई देशों ने प्रधानमंत्री को अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया है। उन्होने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग को मिल रहा है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार हर गांव तक विकास की योजनाओं को लागू कर रही है। विधायक ने कार्यकर्ताओं को प्रत्येक जरूरतमंद की निस्वार्थ भाव से सेवा करने की सलाह दी। दूसरी ओर, हरबर्टपुर मंडल कार्यालय पर महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत के नेतृत्व में सेवा पखवाड़ा मनाया गया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष नीरू देवी, जिला महामंत्री अरुण मित्तल, दिनेश कौशिक, रचिता ठाकुर, शरद रावत, मोहित ठाकुर, नरेंद्र तोमर, दिनेश रतवाल आदि मौजूद रहे।
